भास्कर न्यूज | कवर्धा भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने शनिवार को भाजपा सरकार की कथित विफल नीतियों और जनता विरोधी रवैए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष शितेष चंद्रवंशी के नेतृत्व में प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई, जिसमें सरकार को मृत बताकर उसके जन विरोधी और असंवेदनशील रवैए का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के जिला प्रभारी आदित्य नारायण ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियां हो रही हैं, शिक्षा व्यवस्था चौपट हो चुकी है और अपराध बेलगाम हैं। जिलाध्यक्ष शितेष चंद्रवंशी ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री के क्षेत्र में कानून व्यवस्था सबसे खराब है। छात्र और युवाओं की सुरक्षा, आम जनता का जीवन और संपत्ति सरकार के लिए चिंता का विषय नहीं रहा। प्रदर्शन में गोपाल चंद्रवंशी, चंद्रभान कोशले, संतोष यादव, आकाश केशरवानी, नारायणी तोंदर, मणिकांत त्रिपाठी, शिव गायकावड़, देवव्रत चंद्रवंशी, विवेक जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे। कानून व्यवस्था सुधारने की मांग: प्रदर्शन स्थल पर युवाओं ने पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से सरकार की विफलताओं को उजागर किया। छात्र- युवा विरोधी फैसलों को तुरंत वापस लेने, प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए कड़ा कदम उठाने, शिक्षा प्रणाली में पारदर्शिता व गुणवत्ता लाने, बेरोजगारी व प्रतियोगी परीक्षा में गड़बड़ी रोकने की मांग की।


