एनके इलेवन ने जीती प्रीमियर लीग ट्रॉफी

हंबाड़ां रोड स्थित जीआरडी एकेडमी के मैदान पर जैन एंड अग्रवाल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित आरजेपीएल प्रीमियर लीग के सातवें संस्करण का भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में क्रिकेट का कड़ा रोमांच देखने को मिला। जहां एनके इलेवन ने लुधियाना किंग्स को 4 विकेट से पराजित कर चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। खिताबी भिड़ंत में लुधियाना किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 9 विकेट खोकर 129 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी एनके इलेवन की टीम ने महज 14 ओवरों में ही 6 विकेट के नुकसान पर इस लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर जीत का परचम लहरा दिया। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए दीपक सिंगला को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जबकि कौशल खेतान को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व फील्डर और अमित गुप्ता को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह में सुदर्शन फैब्रिक्स के विशाल जैन और भाजपा नेता कमल चैटली बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। इस दौरान कमल चैटली ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और सामर्थ्य को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। सोसाइटी के प्रधान मनमोहन जैन गप्पू, दिनेश गोयल दिशु और कैमी जैन ने आए हुए गणमान्य अतिथियों का सम्मान किया। इस अवसर पर चेतन गर्ग, गौरव, हरमिंदर, हरजिंदर, दिवजोत तनिश, अर्जिंदर सिंह दयोल और अमर कुमार सहित मुकुल मित्तल, संचित जैन व अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *