भास्कर न्यूज | रायगढ़ कौशल विकास और समावेशी रोजगार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एनटीपीसी लारा ने स्थानीय युवाओं के एक बैच को सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सिपेट) कोरबा में वोकेशनल ट्रेनिंग के लिए रवाना किया। यह पहल कंपनी की मजबूत नैगम सामाजिक दायित्व और समुदाय के समग्र विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। तीन महीने के इस गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को असिस्टेंट मशीन ऑपरेटर – इंजेक्शन मोल्डिंग के विशेष ट्रेड में उद्योग-प्रासंगिक कौशल सिखाया जाएगा, जिससे वे भविष्य के रोजगार के लिए तैयार होंगे और औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र में सार्थक योगदान दे सकेंगे। इस अवसर पर कार्यक्रम का उद्घाटन एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख सुभाष ठाकुर ने किया। उनके साथ केशव चंद्र सिंघा रॉय (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण), हेमंत पावगी (महाप्रबंधक, परियोजना), जाकिर खान (अपर महाप्रबंधक, मानव संसाधन), मनीष कुमार (अपर महाप्रबंधक-तकनीकी सेवाएँ) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षुओं के माता-पिता और युवा उपस्थित रहे। सुभाष ठाकुर ने प्रशिक्षुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार का माध्यम नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता, सशक्तिकरण और दीर्घकालीन रोजगार क्षमता का एक महत्वपूर्ण उपकरण है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अटूट समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ प्रशिक्षण पूरा करने का आग्रह किया।


