स्कूलों में समय पर पूरा करें प्रोजेक्ट वर्क : डॉ. राव

भास्कर न्यूज | रायगढ़ कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा के सफल आयोजन और मूल्यांकन को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. केवी राव ने जिले के सभी अशासकीय, अनुदान प्राप्त और मान्यता प्राप्त शालाओं के शाला प्रमुखों और प्रबंधकों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में पीएमश्री नटवर स्कूल के सभाकक्ष में दो पालियों में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी स्कूलों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई। इसमें परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपी गई और प्रत्येक स्कूल में नॉमिनल रोल जमा करने, परीक्षा केंद्रों में पर्यवेक्षकों की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा में सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों के विद्यार्थियों की भागीदारी अनिवार्य होगी। उन्होंने परीक्षा ब्लूप्रिंट की जानकारी छात्रों को देने, सैंपल प्रश्न पत्रों से अभ्यास कराने और प्रोजेक्ट वर्क समय पर पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में प्राचार्य दिनेश पटेल, नोडल अधिकारी परीक्षा शाखा भुवनेश्वर पटेल, बीईओ संजय कुमार पटेल और एबीईओ द्वारका पटेल ने आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में सुधार करते हुए जिले का लक्ष्य कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत और कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने का रखा गया। जारी समय-सारणी के अनुसार कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से 25 मार्च तक और कक्षा 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से 6 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा निर्धारित परीक्षा शुल्क कक्षा 5वीं के लिए 55 रुपए और कक्षा 8वीं के लिए 60 रुपए प्रति छात्र तय किया गया है, जिसे सभी अशासकीय विद्यालयों को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायगढ़ के खाते में जमा करना अनिवार्य होगा। समीक्षा बैठक में प्रह्लाद पटेल, व्याख्याता पीएमश्री नटवर और अमित श्रीवास्तव, प्रभारी परीक्षा शाखा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *