सिरोही की बरलूट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी बरलूट थाने के टॉप-10 बदमाश में शामिल है और तीन साल से फरार चल रहा था। आरोपी का नाम बरलूट की पूर्व थानाधिकारी सीमा जाखड़ प्रकरण से भी जुड़ा है। एसपी अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरलूट पुलिस ने शाहिद लौहानी (43) निवासी कमला नेहरू नगर, जोधपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी 15 नवंबर 2021 को दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी में बरलूट थाना अधिकारी गोपाल लाल और कॉन्स्टेबल मदनलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि शाहिद का संबंध बरलूट की पूर्व थानाधिकारी सीमा जाखड़ प्रकरण से भी जुड़ा है। शाहिद ने अपने जोधपुर स्थित गैरेज में सर्विसिंग के लिए आई दिल्ली से चोरी की गई एक गाड़ी को तस्करों के हवाले कर दी थी। यही गाड़ी बाद में डोडा पोस्त की तस्करी में इस्तेमाल की गई, जिसे सीमा जाखड़ ने जब्त किया था। यह गिरफ्तारी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है, क्योंकि आरोपी न केवल नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था, बल्कि चोरी के वाहनों को तस्करी के लिए उपलब्ध कराने में भी उसकी भूमिका थी।


