भास्कर न्यूज | चाईबासा सिविल सर्जन डॉ० सुशांतो कुमार माझी के निर्देश पर शुक्रवार को एन० सी० सी० कैडेट फोर्स को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत तंबाकू के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, डॉ० भारती मिंज ने तंबाकू से होने वाले बीमारियों जैसे बालों का झड़ना, मोतियाबिंद, दातों में सड़न, फेफड़े का कैंसर, दिल की बीमारी, पेट में अल्सर, बदरंग अंगुलियां, गैंग्रीन, अस्थमा, एवं श्वास संबंधित बीमारी के बारे में जानकारी दी गयी। इससे होने वाले आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभाव के बारे में भी बतलाया गया। सामजिक कार्यकर्ता अनूप बागे ने बताया कि युवाओं को तंबाकू की बजाय स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है। स्वस्थ जीवन खुद और परिवार के खुशी के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का विकास एक स्वस्थ युवा आबादी से ही संभव है। ऐसे में सभी युवाओं को तंबाकू उत्पाद से दूर रहने के लिए कदम उठाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों के द्वारा तंबाकू सेवन नहीं करने हेतु शपथ ग्रहण किया गया। मौके पर जिला नोडल पदाधिकारी एन० सी० डी०, एपिडेमीलॉजिस्ट सिमिता जोजो, जिला कार्यक्रम सहायक विश्वनाथ हेम्ब्रोम एवं एन० सी० डी० के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


