एनिकट निर्माण कार्य ढहा, दो मजदूरों की मौत:सलूंबर में बड़ा हादसा, तीन मजदूरों को मलबे से निकाला

सलूम्बर जिले के ईसरवास पंचायत के मानपुरा क्षेत्र में हो रहे एनिकट निर्माण कार्य के दौरान आज शाम को निर्माण कार्य ढहने से दो मजदूरों की मौत हो गई तथा तीन मजदूर गम्भीर रूप से घायल हो गए। जोधसागर के तालाब के नजदीक मानपुरा में बुधवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे मजदूर सीमेंट पत्थर के निर्माण के मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंची। ग्रामीणो एवं अन्य मजदूरों की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला ओर सलूंबर जिला चिकित्सालय पहुंचाया।अस्पताल में उपचार के दौरान झल्लारा पुलिस थाना क्षेत्र के जेतेला फला गांव के निवासी प्रभुलाल (45) पुत्र माना मीणा और कचरा (32) पुत्र लालूराम मीणा की मौत हो गई। निर्माण कार्य ढहने की इस घटना में मजदूर थावरा (45) पुत्र रूपा मीणा, गौतम (50) पुत्र लालू मीणा तथा प्रभु (45) पुत्र माना मीणा गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी मजदूर लाम्बी डूंगरी के पास जेतेला फला गांव के रहने वाले है। मौके पर आए सलूम्बर थानाधिकारी हेमन्त चौहान ने बताया कि दोनों मृतक मजदूरों के शव जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

घटनास्थल पर सलूंबर जिला कलेक्टर अवधेश मीना, जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, डिप्टी एसपी हेरम्भ जोशी व तहसीलदार डॉ मयूर शर्मा सहित सभी प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दोनों विभाग ने किया इनकार
एनिकट निर्माण कार्य को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता प्रतीक चौधरी तथा जल ग्रहण योजना के अधिशाषी अभियंता रतन सिंह भाटी ने भी उक्त एनिकट निर्माण कार्य अपने अपने विभाग के नहीं होने की बात कही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *