उदयपुर में चार दिन पहले कार दुर्घटना में दो मौतों की वजह बने सड़क के बीच के गड्डे रिपेयर कर दिया गया है। साथ ही यहां कट होने से दोनों तरफ तीन बेरिकेड्स भी लगाए गए हैं। ताकि वाहनों की स्पीड कंट्रोल हो सके। दैनिक भास्कर डिजिटल द्वारा इस मुद्दे को प्रभावी रूप से उठाये जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और आखिरकार गड्डे को रिपेयर किया गया। भास्कर ने यह भी बताया था कि इसी रोड पर घटना स्थल से महज 500 मीटर दूर आईजी के बंगले के सामने रोड पर स्पीड कंट्र्रोल करने के लिए कई बेरिकेट्स लगे हैं लेकिन घटना स्थल पर कई बार मांग के बावजूद स्पीड ब्रेकर तक नहीं बनाए गए। बता दें, तेज रफ्तार कार को गड्डे से बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने जैसे ही कट लिया था। तभी कार बेकाबू हो गई। सड़क किनारे नाश्ते के ठेले को उडाते हुए 4 लोगों को कुचल दिया था। जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। रेलिंग तोड़ते हुए ठेले को उडाया, 4 लोगों को कुचला था
घटना रविवार सुबह 7 बजे वीआईपी रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने की है। जब तेज रफ्तार कार ने बेकाबू होकर रेलिंग को तोड़ते हुए नाश्ते के ठेले को उड़ा दिया। पास खड़े होकर नाश्ता कर रहे 4 लोग इसकी चपेट में आ गए थे। इनमें 2 की मौत हो गई। मृतक करीब 20 फीट दूर उछलकर गिरे थे। कार ठेले को उडाते हुए करीब 150 फीट दूर जाकर पलट गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोहे से बना नाश्ते का ठेला पूरी तरह बिखर गया था। कार में तेज आवाज में म्युजिक चालू था, जो हादसे के कई देर बाद तक चलता रहा। घटना के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। इसके बाद मृतक के परिजनों ने रोड जामकर कर वहीं धरने पर बैठ गए थे और हादसे की मुख्य वजह रोड के बीच खड्डा होना और स्पीड ब्रेकर का नहीं होना बता रहे थे। दूसरे दिन पुलिस ने 22 वर्षीय कृष्णा ओड निवासी हरिदास जी मगरी को गिरफ्तार किया था।


