बालोद| ग्राम कसही (ट) निवासी लोकेश कुमार साहू से क्रेडिट कार्ड बंद कराने व मोबाइल पर एनी डेस्क एप डाउनलोड कराने के बाद 45 हजार 679 रुपए धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस मामले में मोबाइल सिम नंबर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार लोकेश ने जानकारी दी है कि सोमवार को दोपहर 2.30 बजे अज्ञात मोबाइल सिम नंबर से कॉल कर अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि आपका क्रेडिट कार्ड चालू है अगर आप बंद कराना चाहते है तो ऑनलाइन प्रक्रिया होती है। जिसे अपने मोबाइल से प्रोसेस करने के बाद बंद करवा सकते हो। जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड का 12 अंक पूछा। प्रोसेस पूरा करने कुछ देर बाद बेटी को मोबाइल दे दिया। अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल एनी डेस्क एप डाउनलोड करवाकर मोबाइल को अपने एक्सेस में लेकर बैंक अकाउंट से एप के माध्यम से 45 हजार 679 रुपए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिया। मोबाइल पर मैसेज आया तब जानकारी हुई और शिकायत दर्ज कराया।


