भास्कर न्यूज | जालंधर थाना नई बारादरी की पुलिस ने प्लाईवुड बिजनेसमैन समीर गुप्ता उर्फ सोनू गुप्ता वासी सनसाइट एन्क्लेव को गिरफ्तार किया है। बिजनेसमैन पर आरोप है कि उसने साजिश के तहत सूर्या एन्क्लेव में 2 प्लॉट इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की एन्हांसमेंट फीस बिना जमा करवाए चरनजीतपुरा की एक फैमिली को बेच दिए थे। पीड़ित फैमिली इस जमीन पर घर तक नहीं बना सकी, क्योंकि पहले से दोनों प्लॉट पर विजिलेंस की जांच चल रही है और एन्हांसमेंट फीस 15 लाख 8 हजार रुपए जमा होने बाकी हैं। पुलिस बिजनेसमैन को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, क्योंकि जांच में यह बात आ रही है कि शिकायककर्ता को आरोपी ने एक एनडीसी (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) दिखाई थी, जिसके अनुसार दोनों प्लॉट पर किसी तरह का कोई बकाया नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि एनडीसी किसने बना कर दी थी। चरनजीतपुरा के रहने वाले दिनेश कुमार गुप्ता ने सीपी को बीते साल 8 जनवरी को शिकायत दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने समीर गुप्ता से सूर्या एन्क्लेव में प्लॉट नंबर 551 बी व 552 बी का सौदा तय किया था। उन्हें सौदे के समय बताया गया था कि दोनों प्लॉट का कोई विवाद नहीं है न ही पैसे बकाया हैं। इसके बाद एक रजिस्ट्री उनके भाई मनी गुप्ता और दूसरी खुद के नाम व पत्नी सुजाता गुप्ता के नाम पर कराई गई थी। दोनों प्लॉट का इंतकाल को गया और बिजली का मीटर तक लग गया। वे लोग घर बनाना चाहते थे, इसलिए ट्रस्ट गए। यहां पर उन्हें बताया गया कि दोनों प्लॉट का एन्हांसमेंट फीस 15 लाख 8 हजार रुपए बकाया है। इतना ही नहीं प्लॉट की विजिलेंस जांच तक चल रही है। इसी कारण न तो गुप्ता फैमिली को एनओसी मिली न ही नक्शा पास हुआ। बीते साल 15 मई को समीर के खिलाफ दर्ज किया था केस एसीपी रैंक के अधिकारी ने मामले की जांच की तो गुप्ता फैमिली की शिकायत सही निकली। एसीपी ने जांच रिपोर्ट में कहा कि समीर गुप्ता सब जानते थे कि अभी एन्हांसमेंट फीस बाकी है, बिना फीस जमा करवाए प्लॉट बेच दिए थे। थाना नई बारादरी में बीते साल 15 मई को समीर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था। एसएचओ रविंदर कुमार ने कहा-आरोपी समीर गुप्ता को अरेस्ट किया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।


