भास्कर न्यूज | नारायणपुर जिले में भैरमदेव एरिया कमेटी व एमएमसी जोन के दो सक्रिय नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। बताया जाता है कि दोनों नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपए का इनाम घोषित है। सीमा सुरक्षा बल द्वारा अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में लगातार स्थापित किए जा रहे कैंपों के कारण लगातार बढ़ रहे दबाव के चलते अब नक्सलियों का नक्सली संगठन से मोहभंग होता चला जा रहा है। समर्पित नक्सलियों में 1 पुरूष व 1 महिला शामिल हैं। दोनों नक्सली बीते लंबे समय से एमएमसी जोन में सक्रिय रहे हैं। क्षेत्र में जिला पुलिस व बीएसएफ द्वारा लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों से नक्सलियों पर लगातार दबाव बढ़ता चला जा रहा है। इसी बीच भैरमदेव एरिया कमेटी में सक्रिय रहे सुदेन कोर्राम उर्फ जनकू कोर्राम व सरिता पोटावी उर्फ करिश्मा ने बीएसएफ डीआईजी हरिंदर पाल सिंह सोही, बीएसएफ की 135वीं बटालियन के कमांडेंट नवल सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, टूआईसी सनी आलोक टीगा, उपकमांडेंट जयदीप अग्रवाल, डीएसपी अमृता पैकरा के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।


