भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में कुआकोंडा की 36 ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ। ग्राम पंचायत हितावर के पोलिंग बूथ में मतदान कर्मियों पर गड़बड़ी के आरोप लगे। यहां साढ़े 400 वोट रात 1 बजे तक गिने गए, यहां जनपद के मतों में गड़बड़ी करने के आरोप लगे। दरअसल पोलिंग बूथ में मत पेटी से अलग पॉलीथिन के अंदर 6 बैलेट पेपर मिले जिसको लेकर जमकर बवाल हुआ। हितावर पोलिंग बूथ में 445 वोट पड़े और गणना 439 की हुई, पालीथीन में छिपाकर रखे गए वोट में 1 मत जिस प्रत्याशी को 3 मतों से पराजित घोषित किया गया उसके फेवर में था, 5 मत किसके फेवर में थे यह पता नहीं चला। जनपद क्षेत्र 2 की जनपद प्रत्याशी रही पुष्पा सिंह ने कहा हितावर के पोलिंग बूथ में फिर से मतदान करवाया जाए, यहां के पीठासीन अधिकारी और बाकी मतदान कर्मियों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा पीठासीन अधिकारी दुष्यंत कुमार द्वारा पालीथिन में टेंडर वोट रखे गए थे, पर हम हड़बड़ी में टेंडर वोट का रिकॉर्ड नहीं भर पाए, पीठासीन अधिकारी की बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद भी अधिकारी पूरी रात पोलिंग बूथ में मामले को दबाने में जुटे रहे। बूथ में बवाल होने के बाद यहां पहुंचे तहसीलदार पवन गुप्ता ने कहा मत अलग से कैसे मिले इसकी जवाबदारी पीठासीन अधिकारी की है। कलेक्टर से शिकायत की गई है। पीठासीन अधिकारी कोई रिकॉर्ड नहीं दे पाए कुआकोंडा के हितावर पोलिंग बूथ में शाम 5 बजे से गिनती शुरू हुई और रात 1 बजे तक कर्मचारी गणना करते रहे। सवाल खड़े हो रहे हैं कि पॉलीथिन में बैलेट कैसे पहुंचे, उसका कोई रिकॉर्ड पीठासीन अधिकारी प्रत्याशी के सामने प्रस्तुत नहीं कर पाए, जबकि हारे हुए प्रत्याशी द्वारा बार-बार 6 मतों की जानकारी मांगने पर उसे जानकारी नहीं दी गई। मत पेटी खुलने के बाद एजेंट को बाहर क्यों किया गया, 40 मिनट तक पोलिंग बूथ के अंदर मत पेटी खोलकर कर्मचारी क्या कर रहे थे।


