भास्कर न्यूज | गीदम कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भागलपुर, बिहार से किसानों के खाते में 19वीं किस्त भेजे जाने का लाइव टेलीकास्ट किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि विशेषज्ञ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को किसानों ने ध्यानपूर्वक सुना और इस योजना के लाभों को समझा। उन्होंने किसानों को नई कृषि तकनीकों, जैविक खेती और सतत कृषि विकास को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केंद्र में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें नवीनतम कृषि तकनीकों, जैविक खेती, उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और जल संरक्षण विधियों की जानकारी दी गई। किसानों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त, कृषि से संबंधित वार्षिक कैलेंडर भी वितरित किए गए, जिसमें फसल चक्र, उर्वरक प्रबंधन और जलवायु आधारित खेती की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. प्रवीण निषाद एवं उप संचालक कृषि सूरज पंसारी ने व्याख्यान दिया, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत किसानों को सीधे आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से मिलने वाले लाभों की सराहना की। कृषि विज्ञान केंद्र ने भविष्य में भी किसानों के हित में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, आत्मा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी शामिल रहे।


