सिटी रिपोर्टर|भिलाई एमएसएमई जिला उद्योग संघ ने नए फाइनेंशियल ईयर में शनिवार को बीएसपी के ईडी एमएम एके चक्रवर्ती के साथ सौजन्य मुलाकात की और अपने मुद्दे उनके सामने रखे। इन मुद्दों में एमएसएमई उद्योगों को इंक्वारी देते समय हेल्दी कॉम्पटीशन करने, एमएसएमई उद्योगों का निरीक्षण करने, प्रोपराइटरी आइटम की एक प्रदर्शनी लगाने, हर 5-6 माह में एमएसएमई के साथ बैठक करने और पूरे 1 वर्ष के लिए पास बनाए जाने की मांग प्रमुख थी। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंदर सिंह खुराना के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ईडी एमएम से उनके कक्ष में मिला। इसके बाद एक-एक करके सभी ने अपनी बात रखी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष खुराना ने कहा कि एमएसएमई उद्योगों को जो भी इंक्वारी दी जा रही है। उसमें हेल्दी कॉम्पटीशन करने की जरूरत है। क्षमता के आधार पर जो बराबर की इंडस्ट्रीज है उन्हें समान इंक्वारी दी जानी चाहिए। देखा यह जा रहा है कि कुछ बड़े इक्विपमेंट आते हैं तो उसमें छोटी इंडस्ट्रीज को भी डाल दिया जाता है। छोटी इंडस्ट्रीज काम ले लेती है और फंस जाती है क्योंकि उनके पास वह काम करने की क्षमता नहीं होती। अब वह इंडस्ट्रीज काम करके नहीं दे पाएगी तो उसे 6 माह के लिए ब्लॉक कर दिया जाता है इससे एमएसएमई इंडस्ट्री और स्टील प्लांट दोनों को नुकसान होता है। उद्यमी बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीएसपी प्रबंधन एमएसएमई उद्योगों का विजिट करें ताकि उसे पता चल सके कि उसके पास लोकल में कितने एमएसएमई है। यह एमएसएमई हर कार्य में पूर्ण है और हर कार्य करके दे सकते हैं। उद्यमी भगवान अग्रवाल ने प्रोपराइटरी आइटम की एक प्रदर्शनी प्लांट के भीतर लगाए जाने की मांग रखी। ऐसे आइटम जो बीएसपी प्रबंधन बाहर से ले रहा है उनकी प्रदर्शनी लगाई जाए ताकि यहां के एमएसएमई उद्योग उन्हें देख सके। इस अवसर पर सीजीएम केसी मिश्रा और एके मिश्रा, जीएम मनोहर शर्मा एवं पीबी प्रभाकर तथा एमएसएमई उद्योग संघ की ओर से आशुतोष तिवारी, विजय अग्रवाल, श्रीभगवान अग्रवाल, देशराज यादव, बृजमोहन अग्रवाल, आरके सिंह, रामकुमार बंसल, अनिल शुक्ला आदि उपस्थित थे।


