मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य पात्रता परीक्षा-2024 रविवार को है। यह शहर के 22 परीक्षा केंद्रों पर एक सत्र में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कराई जाएगी। परीक्षा के लिए जिला मुख्यालय सागर में 7714 परीक्षार्थी हैं। इन सभी को शीत लहर के बीच बगैर जूते-मोजे पहने ही 3 घंटे की परीक्षा देना होगी। क्योंकि मोजे या जूते पहने हुए केंद्रों पर प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा के लिए जूते-मोजे पहनने पर प्रतिबंधित किया है। केवल सेंडल या चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पर प्रवेश मिलेगा। परीक्षा के लिए मोबाइल, कैल्कुलेटर, पठन सामग्री, सभी प्रकार के इलेक्ट्रानिक डिवाइस, जूते-मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षा में पेंसिल, रबर (इरेजर) व व्हाइटनर एवं एसेसरीज जैसेः- बालों को बंधाने का क्लेचर/बक्कल, घड़ी, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक/चमड़े के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट, धूप में पहने जाने वाले चश्में, पर्स/वॉलेट, टोपी, ताबीज वर्जित है। फोटो युक्त पहचान-पत्र मतदाता परिचय-पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लायसेंस, आयकर का पेन कार्ड आदि देखकर ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में अपने साथ केवल प्रवेश-पत्र, मूल फोटो आईडी प्रूफ़ एवं दो काले पेन ही ले जा सकेंगे।


