उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवा की गति कम होने से शनिवार को दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है। रात का पारा 2 डिग्री बढ़कर 8.5 डिग्री पर पहुंच गया है। जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़त दर्ज की गई है। तापमान में वृद्धि होने के बाद भी ठिठुरन कम नहीं हुई है। लोग सर्दी से बचने के लिए धूप सेंकते नजर आए। जबकि रात में जल्दी लोग दुकानें बंद कर घर चले गए। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम ऐसा ही बना रहने और शीतलहर चलने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 4 डिग्री कम है। एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा था। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में 1.9 डिग्री का इजाफा हुआ है। आज दिन का पारा 25 और रात का तापमान 9 डिग्री के आसपास रहेगा : मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वी राजस्थान के ऊपर प्रति चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से रविवार को भी शीतलहर चलेगी। इससे तापमान में ज्यादा बदलाव होने की उम्मीद कम है। दिन का तापमान 25 डिग्री पर स्थिर तथा रात का पारा 9 डिग्री के आसपास रह सकता है। 5 सबसे ज्यादा तापमान वाले शहरों में सागर : प्रदेश के पांच सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले शहरों में सागर पांचवें नंबर है। सबसे ज्यादा तापमान 13.2 डिग्री के साथ सतना जिले का चित्रकूट पहले नंबर पर है। इसके बाद देवास जिले का कन्नौद, सिवनी तथा इंदौर है। जबकि नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 2.0 डिग्री रहा।


