एमपी–यूपी बार्डर के ढाबों-गुमटियों पर कार्रवाई, पेट्रोल जब्त:रीवा में पुलिस ने 500 लीटर ज्वलनशील पदार्थ जब्त, गुमटियों और झोपड़ियों से बेच रहे थे

मध्यप्रदेश–उत्तरप्रदेश की सीमा पर लंबे समय से चल रहे पेट्रोल-डीजल के अवैध कारोबार पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शासन-प्रशासन के अलर्ट होते ही सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने विशेष मुहिम शुरू करते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। इस दौरान उत्तरप्रदेश से मध्यप्रदेश की ओर अवैध रूप से लाया जा रहा करीब 500 लीटर पेट्रोल-डीजल पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कीमतों के अंतर का फायदा उठाकर बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल की कालाबाजारी की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सीमा क्षेत्र में दुकानों, ढाबों और पान की गुमटियों तक पर छापेमारी की, जहां बड़े ड्रम, गैलन और छोटी-छोटी बोतलों में पेट्रोल-डीजल खुलेआम बेचा जा रहा था। यह कारोबार न केवल नियमों के खिलाफ था, बल्कि ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आम लोगों की जान के लिए भी बड़ा खतरा बना हुआ था। दरअसल, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी अंतर है। मध्यप्रदेश में जहां पेट्रोल करीब 108 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, वहीं उत्तरप्रदेश में यही पेट्रोल 95 रुपए में मिल रहा है। इसी तरह डीजल मध्यप्रदेश में 96 रुपए, जबकि उत्तरप्रदेश में 88 रुपए प्रति लीटर है। इसी अंतर का फायदा उठाकर तस्कर सस्ते दामों पर ईंधन लाकर मध्यप्रदेश में महंगे दामों पर बेच रहे थे। इससे न केवल शासन को राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि अवैध भंडारण और खुले में बिक्री से आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा भी बना हुआ था। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया सीमावर्ती इलाकों में पेट्रोल-डीजल की अवैध बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया गया है। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित और बेचे जा रहे पेट्रोल-डीजल को जब्त किया गया है। यह कारोबार बेहद खतरनाक है और इससे आम लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस ने जब्त किए गए पेट्रोल-डीजल के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सीमा क्षेत्र में अवैध ईंधन कारोबार पर अब लगातार निगरानी रखी जाएगी और यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *