झारखंड हाईकोर्ट में मंगलवार को एयरपोर्ट पर यात्री वेटिंग एरिया में कुत्ता विचरण करने के मामले में स्वत:संज्ञान से दर्ज मामले की सुनवाई हुई। दैनिक भास्कर ने एयरपोर्ट पर वेटिंग एरिया में आवारा कुत्ता का विचरण करते हुए तस्वीर प्रकाशित की थी। इस पर हाईकोर्ट ने स्वत:संज्ञान लेते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी व नगर निगम से जवाब मांगा था। सुनवाई के दौरान अदालत ने रांची नगर निगम और एयरपोर्ट अथॉरिटी को दो दिनों में बैठक कर समस्या का समाधान निकालने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि है कि इस समस्या का समाधान कैसे हो सकता है, इसपर विचार किया जाए। क्योंकि, एयरपोर्ट अति सुरक्षित क्षेत्र है। यहां पर जानवरों का विचरण खतरनाक हो सकता है। अदालत ने बैठक में हुए निर्णय की जानकारी कोर्ट में प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए मामले में अगली सुनवाई 16 सितंबर को निर्धारित की है।


