एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण का काम तारागंज क्षेत्र में स्वर्ण रेखा नदी पर शुरू हो गया है। कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस क्षेत्र में जमीन उपलब्ध करा दी गई है। यहां से गिरवाई की ओर एलिवेटेड फ्लाई ओवर बढ़ाया जाएगा। करीब 7.4 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड को 2 साल में बनाने का लक्ष्य है। इसके साथ ही मानसिक आरोग्यशाला से अंबेडकर पार्क फूलबाग तक के फ्लाई ओवर का भी काम शुरू किया जाएगा। दूसरे चरण का एलिवेटेड रोड गिरवाई चौकी से शुरू होकर तारागंज, जीवाजीगंज, छप्परवाला पुल होते हुए नदी गेट से फूलबाग रोड होकर लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक तैयार होगा। इसे पहले चरण के एलिवेटेड रोड से मिलाया जाएगा।
पहला चरण: काम में आई तेजी
एलिवेटेड रोड के पहले चरण में लक्ष्मीबाई समाधि स्थल से ट्रिपल आईटीएम के पास तक बनाया जा रहा है। दोनों चरण में करीब 14 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड तैयार होगा। जिसके बनने पर एबी रोड (आगरा-मुंबई राजमार्ग) सीधे मुरैना लिंक रोड से जुड़ जाएगा। ऐसा होने पर शिवपुरी, इंदौर, मुंबई रूट के वाहनों को मुरैना आने-जाने के लिए सफर आसान हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग के कार्यपालन यंत्री जोगिंदर यादव ने बताया कि दूसरे चरण का काम शुरू करा दिया गया है और इसे समय पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।


