एल्युमिनाई ने बिखेरा हुनर, सुनाई सफलता की कहानियां:छात्र जीवन की यादों और उपलब्धियों का संगम बना एचीवर्स कॉन्क्लेव, 1500 पूर्व स्टूडेंट्स बने हिस्सा

महात्मा ज्योति राव फुले विश्वविद्यालय (एमजेआरपीयू) की ओर से बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित एचीवर्स कॉन्क्लेव में पूर्व छात्रों का जोश और जज्बा देखने लायक था। देश-विदेश से आए 1500 से अधिक एल्युमनाई ने इस भव्य कार्यक्रम में भाग लेकर न केवल अपने छात्र जीवन की सुनहरी यादों को ताजा किया, बल्कि अपनी सफलता की प्रेरक कहानियां भी साझा कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन निर्मल पंवार के स्वागत भाषण से हुआ, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले पूर्व छात्रों का सम्मान किया। अपने अनुभव साझा करते हुए एल्युमनाई ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार प्रकट किया और यहां से मिली शिक्षा को अपनी सफलता की नींव बताया। कॉन्क्लेव में राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त ओ.पी. बैरवा और जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में सांसद राजेंद्र गहलोत ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और चरित्र निर्माण की महत्ता पर बल दिया और युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया। चेयरपर्सन निर्मल पंवार ने एमजेआरपीयू के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि आपकी सफलताएं विश्वविद्यालय के लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत हैं। वहीं उच्च शिक्षा आयुक्त ओ.पी. बैरवा ने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत हुए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए विश्वविद्यालय द्वारा महिला शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। मधुर गीतों और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया और पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर सौरभ जैन ने भी मंच से छात्रों को नैतिक मूल्यों, मानवता और समाज सेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *