भास्कर न्यूज | प्रतापगढ़ देवगढ़ थाना क्षेत्र में जीएसएस ओडवाड़ा रीजन पॉवर प्लांट पवन उर्जा स्टेशन से एल्युमिनियम तार के 6 बंडल चोरी करने के मामले में आरोपी धारा सिंह को गिरफ्तार कर चोरी किए एल्युमिनियम के तार बरामद किए। देवगढ़ थाना क्षेत्र में 8 जनवरी को पीड़ित मुकेश बैरागी निवासी सुभाष चौक प्रतापगढ़ ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि मैं बालाजी सिक्योरिटी ओडवाड़ा विंड पावर स्टेशन जीएसएस पर नाइट सुपरवाइजर हूं। 18 दिसंबर को रात के समय करीब 9 बजे के आसपास टेक्नीशियन राहुल कुमावत ने फोन कर बताया कि जीएसएस ओडवाड़ा में एल्युमिनियम के तार के 9 बंडल रखे हुए थे। रात के समय अज्ञात व्यक्ति जीएसएस से तार के बंडल चोरी कर ले गए। आवाज होने पर मैं देखने गया तो अज्ञात व्यक्ति 3 बंडल मौके पर छोड़ तार के 6 बंडल चोरी कर जीएसएस की बाउंड्री कूदकर भाग गए। अंधेरा होने के कारण अज्ञात व्यक्ति तार के बंडल किस साधन से चुरा ले गए, यह पता नहीं चला। मैंने मौके पर जाकर चौकीदार और टेक्नीशियन की मदद से तलाश की तो पता नहीं चला। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान प्रारंभ किया। ओडवाड़ा विंड रीजन पॉवर स्टेशन पवन उर्जा के कर्मचारी धारा सिंह पुत्र बलवीर सिंह राजपूत निवासी मोखमपुरा हथुनिया की संदिग्धता होने से डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से गहनता से घटना के बारे मे पूछताछ करने पर आरोपी धारासिंह ने घटना कारित करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर जाकर प्रकरण में 5 बंडल एल्युमिनियम तार को बरामद किया गया।


