‘मेरे दोस्तों को जयपुर में रात 8 बजे के बाद शराब की जरूरत थी। जयपुर के प्रतापनगर में एक आंटी सड़क पर बाल्टी में शराब रखकर बेचती हैं। कई लोग इससे रिलेट भी कर पाएंगे।। उनके पास हर तरह की शराब उपलब्ध है। जिसे भी चाहिए वो उनसे ले सकता है। इससे लोगों को मदद मिल जाएगी। मैं भी कई दोस्तों को यह जानकारी देकर मदद कर रहा हूं।’ यह बात बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 का विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव एक वीडियो में कहता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में वह जयपुर में रात 8 बजे के बाद अवैध शराब की बिक्री का दावा कर रहा है। वीडियो कब और कहां का है, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। जयपुर में रात 8 बजे के बाद शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह नियम 2008 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लागू किया था। जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ़ ने भी सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं कि यदि किसी भी क्षेत्र में रात 8 बजे के बाद शराब की बिक्री पाई जाती है, तो संबंधित बीट अधिकारी और थानाधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी बोलीं- वीडियो देखा है, कार्रवाई होगी
डीसीपी ईस्ट तेजस्विनी गौतम ने मामले में कहा- अवैध तरीके से शराब बेचने वालों के खिलाफ पिछले एक साल से हमने कई कार्रवाई की हैं। एल्विश का यह वीडियो मैंने देखा है, उसमें पर्टिकुलर किसी जगह की जानकारी पता नहीं चल रही है। प्रतापनगर क्षेत्र बहुत बड़ा है। हम लगातार आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर रहे हैं। कार्रवाई में हमने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। जयपुर पुलिस एस्कॉर्ट को लेकर सुर्खियों में रह चुका एल्विश, 3 पॉइंट से जानिए पूरा विवाद.. 1. एल्विश का जयपुर दौरा और पुलिस एस्कॉर्ट विवाद
एल्विश यादव सांभर में अपने नए गाने की शूटिंग के लिए 8 फरवरी को जयपुर आया था। इस दौरान एल्विश ने व्लॉग्स वीडियो शूट किए। इसमें जयपुर पुलिस की चेतक को होटल तक एस्कॉर्ट करते देखा गया था। जब वह सांभर के लिए रवाना हुआ, तो पुलिस की इमरजेंसी रिस्पॉन्स 112 कार उसकी गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रही थी। बगरू टोल पर एल्विश यादव की गाड़ी का टोल नहीं लगा, क्योंकि पुलिस एस्कॉर्ट की मौजूदगी में उसकी गाड़ी को बिना रोके निकलने दिया गया था। यह वीडियो खुद एल्विश की गाड़ी के अंदर से शूट किया गया है। पुलिस एस्कॉर्ट करने का एल्विश यादव के यूट्यूब चैनल एल्विश यादव व्लॉग्स पर 10 फरवरी को ही वीडियो अपलोड किया गया था 2. पुलिस कमिश्नर का जवाब और कार्रवाई
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने इस मामले में कहा था- ‘हमने किसी को कोई एस्कॉर्ट नहीं दी है। यह पुराना वीडियो होगा। अभी कोई सुरक्षा या एस्कॉर्ट नहीं दी गई। अगर कोई इस तरह से वीडियो एडिट करके डाल रहा है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’ 3. विवाद पर FIR, मंत्री के बेटे का नाम
इस वीडियो में पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के बेटे भी नजर आए थे। इसके बाद पूर्व मंत्री को भी सफाई देनी पड़ी थी। वीडियो के बाद एल्विश यादव के खिलाफ 11 फरवरी को साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। सरकारी मशीनरी का गलत इस्तेमाल करने और भ्रामक प्रचार-प्रसार करने को लेकर यह रिपोर्ट हुई है। गौरतलब है कि इस मामले का खुलासा सबसे पहले दैनिक भास्कर ऐप ने किया था। जयपुर में युवक को एल्विश ने मारा था थप्पड़
यूट्यूबर एल्विश यादव एक साल पहले 10 फरवरी 2024 को भी जयपुर आया था। एल्विश ने एक रेस्टोरेंट में बैठे युवक को थप्पड़ मार दिया था। थप्पड़ मारने का वीडियो भी सामने आया था। ——————– एल्विश यादव से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें- एल्विश यादव को जयपुर पुलिस देगी नोटिस:राजस्थान के पूर्व मंत्री के बेटे से भी होगी पूछताछ; खाचरियावास बोले- बेटे का दोस्त, मेरे से मिलने आता है बिग बॉस ओटीटी सीजन 2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एल्विश के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जब जयपुर पुलिस नोटिस जारी करने की तैयारी कर रही है। वहीं, इस मामले में अब पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के बेटे कृष्ण वर्धन सिंह खाचरियावास का भी नाम सामने आया है। (पूरी खबर पढ़ें)


