एसआईआर में मैपिंग नहीं करवा पाए जिले के 48 हजार 35 मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई के बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। अब तक 25 हजार 971 मतदाताओं को नोटिस जारी कर जिले की सभी विधानसभाओं में सुनवाई भी शुरू की जा चुकी है। गुरुवार तक इनमें से 3175 मतदाता सुनवाई के लिए पहुंचे थे। इनमें से 3088 के दस्तावेज बीएलओ द्वारा अपलोड भी किए जा चुके हैं। सर्वाधिक 26 हजार 66 नोटिस उज्जैन दक्षिण विधानसभा में जारी होना है। जिले की सभी विधानसभाओं में 15 लाख 96 हजार 103 मतदाताओं की मैपिंग का लक्ष्य था। इनमें से 48 हजार 35 मतदाताओं नाम किन्हीं कारणों के चलते मैपिंग नहीं हुए। लिहाजा इन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर दिया जा रहा है। इन्हें निर्वाचन कार्यालय की तरफ से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नोटिस में दी तिथि पर मय दस्तावेज के आरओ (एसडीएम) या एईआरओ (तहसीलदार व नायब तहसीलदार) के समक्ष सुनवाई के लिए पहुंचना है। इस प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद ही नाम 21 फरवरी को आने वाली अपडेट मतदाता सूची में जुड़ पाएगा। सभी विधानसभाओं में सुनवाई शुरू हो चुकी है, जो 14 फरवरी तक चलेगी। एक दिन में 50-50 मतदाताओं को सुनवाई का अवसर दिया जा रहा है। खास बात यह कि सुनवाई और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भी किसी भी मतदाता को अधिकतम तीन बार का समय दिया जाएगा, इसके बाद अवसर नहीं मिलेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि जिले में सुनवाई शुरू हो चुकी है। बचे हुए मतदाताओं को जल्द ही नोटिस जारी होंगे।


