भास्कर न्यूज | महासमुंद निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर तैयार की जा रही फोटो युक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आज 21 फरवरी को किया जाएगा। विशेष गहन पुनरीक्षण के माध्यम से मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटि रहित बनाने की प्रक्रिया अब अपने निर्णायक चरण में है। 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा-आपत्तियां प्राप्त की गई थीं, जिनका निराकरण 14 फरवरी तक पूरा कर लिया गया है। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन अधिकारियों द्वारा साप्ताहिक बैठकें की गईं और प्राप्त आवेदनों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई, ताकि पात्र नाम जोड़ने और अपात्र नाम हटाने में सहयोग मिल सके और पात्र लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त सभी दावा-आपत्तियों का विवरण मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट ceocg.gov.in पर उपलब्ध है।


