एसआईआर में एजेंट की भूमिका अहम: सिंहदेव

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने समीक्षा बैठक की। विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद यह उनकी चौथी समीक्षा बैठक रही। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गठित लोकसभा, विधानसभा और ब्लॉक कांग्रेस के प्रभारी व सहप्रभारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। बैठक में बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण व संग्रहण की पूर्व निर्धारित तिथि 4 दिसंबर थी, जिसे दो बार सात-सात दिनों के लिए बढ़ाया गया। इसके बाद 18 दिसंबर को इसकी अंतिम तिथि निर्धारित की। समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा 23 दिसंबर को मतदाता सूचियों के मसौदे के प्रकाशन के बाद पार्टी के मंडल अध्यक्षों और बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रकाशित मतदाता सूचियों में जिन वैध मतदाताओं के नाम शामिल नहीं होंगे, उनके लिए दावा प्रस्तुत करना जरूरी होगा। साथ ही मतदाता सूची में यदि किसी प्रकार के गलत नाम जुड़े पाए जाते हैं तो उन पर आपत्ति दर्ज करानी भी जरूरी है। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण के दूसरे चरण में बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बूथ स्तर पर पार्टी की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के हाथों में होती है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के सभी वरिष्ठ व कनिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को तत्काल एक-एक बूथ की जिम्मेदारी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने बूथ का नंबर जिला कांग्रेस कमेटी को उपलब्ध कराएं और संबंधित बूथ पर विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्य में बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं को पूरा सहयोग प्रदान करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *