भास्कर न्यूज |लातेहार जिले के गारू प्रखंड के मारोमार में शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं बटालियन के तत्वावधान में आयोजित 25 दिवसीय मोबाइल रिपेयरिंग व 15 दिवसीय प्लंबर रिपेयरिंग प्रशिक्षण शिविर संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षण पाने वाले 32 युवक युवतियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। मौके पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी उद्घाटन किया गया। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा नक्सल व उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले गरीब, जरूरतमंद एवं पिछडे वर्ग के नागरिको को आर्थिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत यह शिविर आयोजित की गई थी। कमाडेंट राजेश सिंह ने कहा कि इस तरह का प्रशिक्षण पाकर युवा अपना रोजगार कर जीवन स्तर को ऊंचा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि एसएसबी 32वीं बटालियन क्षेत्र के लोगों के हर सुख सुविधा में साथ खड़ी है। लगातार शिविर लगाकर लोगों को उनके जरूरत के अनुसार लाभान्वित किया जा रहा है। बच्चों की शिक्षा के लिए पठन-पठान एवं खेलकूद सामग्री का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। मौ अमृत कुमार समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


