एसआई भर्ती परीक्षा-2021 मामले में एसओजी ने फरार चल रहे एक और चयनित एसआई को शुक्रवार को अरेस्ट किया है। एसओजी अब तक एसआई भर्ती परीक्षा मामले में 51 चयनित एसआई को अरेस्ट कर चुकी है। एसओजी के मुताबिक, फरार चयनित एसआई भागीरथ निवासी करडा जालोर को अरेस्ट किया गया है। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 में सिलेक्शन के बाद जब एसओजी ने पेपर लीक मामले की जांच शुरू की तो आरोपी भागीरथ गायब हो गया था। वह ट्रेनिंग करने भी आरपीए में नहीं पहुंचा। एसओजी टीम ने दबिश देकर फरार चयनित एसआई भागीरथ को शुक्रवार को अरेस्ट कर लिया। एसओजी की ओर से शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे 13 फरवरी तक रिमांड पर सौंपा गया है। उससे लीक पेपर किससे, कितने रुपए देकर खरीदा था। इस बारे में पूछताछ की जा रही है। हाई कोर्ट एलडीसी में 9 अरेस्ट, 10 तक रिमांड पर
उच्च न्यायालय कनिष्ठ सहायक परीक्षा का प्रश्न पत्र प्राप्त कर ब्लूटूथ से नकल करने वाले गिरफ्तार चयनित अभ्यर्थियों को एसओजी ने 10 फरवरी तक रिमांड पर लिया है। एसओजी ने द्रोपदी सिहाग (बीकानेर), सुनीता (गंगानगर), उमेश तंवर (बीकानेर), सुमन भूकर ( हनुमानगढ़), बीरबल जाखड़ (नागौर), सुरेश (नागौर), राकेश कस्वां (बीकानेर), विभीषण और रामलाल (नागौर) को 29 जनवरी को अरेस्ट किया गया था। राजस्व अधिकारी और अधिशासी अधिकारी (स्वायत्त शासन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा में प्रश्न-पत्र लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी पोरव कालेर ने हाई कोर्ट एलडीसी परीक्षा में भी पेपर लीक किया था। एसओजी पोरव को प्रॉडक्शन वारंट पर लेकर 13 फरवरी तक पूछताछ कर रही है।


