भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने आज 7वें गुरु श्री गुरु हर राय साहिब जी के गुरुत्व दिवस को श्री दरबार साहिब परिसर में स्थित गुरु के बाग में पौधे लगाकर पर्यावरण दिवस के रूप में मनाया। इससे पहले श्री दरबार साहिब से संबद्ध गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब के दीवान हॉल में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। इस अवसर पर भाई गुरदेव सिंह खालसा के रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन किया तथा कथावाचक भाई हरमितर सिंह ने गुरमत विचार साझा किए। इस बीच एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब दीवान हॉल और लंगर श्री गुरु रामदास जी के बीच स्थित गुरु के बाग में पौधे लगाकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि और सम्मान दिया। एडवोकेट धामी ने कहा कि सातवें गुरु श्री गुरु हर राय साहिब जी का जीवन पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब से जुड़े इस दिन इस संदेश को आगे बढ़ाना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब में सचखंड गुरु का बाग संगत के लिए एक महान प्रेरणा है। यहां विभिन्न प्रकार के पौधे और गुलाब की सैकड़ों किस्में पर्यावरण संरक्षण आंदोलन को प्रोत्साहित करने का संदेश देती हैं। इस अवसर पर एसजीपीसी की आंतरिक कमेटी के सदस्य स. बलदेव सिंह कायमपुर, स. गुरप्रीत सिंह झब्बर मौजूद थे।


