‘एसडीएम आकिब खान को किया जाए बर्खास्त’:बिछिया विधायक के घर पर विवाद मामले में डीजीपी और सीएस से मिले पटवारी-सिंघार

बिछिया से कांग्रेस विधायक नारायण सिंह पट्‌टा के भाई पर एफआईआर दर्ज होने के मामले पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने डीजीपी कैलाश मकवाना और मुख्य सचिव अनुराग जैन से शुक्रवार को मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम आकिब खान को बर्खास्त करने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल में पुलिस मुख्यालय में डीजीपी को पूरी घटना की जानकारी देते हुए एसडीएम आकिब खान को बर्खास्त करके आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। उमंग सिंघार ने कहा कि, भाजपा के राज में आज मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। एक अधिकारी ने विधायक के परिजन से मारपीट की और उसपर कोई कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि उल्टा हमारे विधायक के परिजनों पर ही मामला दर्ज कर लिया गया। ये कांग्रेस नेता डीजीपी से मिले
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, CWC मेम्बर कमलेश्वर पटेल, विधायक नारायण पट्टा, विधायक सचिन यादव, विधायक सुनील उइके, विधायक अभय मिश्रा, विधायक आरके दोगने, विधायक चैनसिंह बरकड़े, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजा बघेल, पूर्व विधायक नीरज दीक्षित, सुनील सर्राफ मौजूद रहे। विधायक बोले- सोची समझी साजिश के तहत घटना हुई
बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्‌टा ने कहा- ये 8 तारीख की घटना है और जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया, ये शासन या प्रशासन की कोई सोची समझी रणनीति रही होगी। सबसे बड़ी बात ये है कि, घर में घुसकर मारना और पीटना मेरी वृद्ध मां के साथ बदसलूकी की गई। भाई का हाथ पकड़ा। जिसके खिलाफ थाने में आवेदन दिया। एट्रोसिटी के विषय भी उसमें शामिल किए गए। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न हो पाना ये आदिवासियों का अपमान है। समाज में ये संदेश गया है कि, इस सरकार में आदिवासियों पर अत्याचार और शोषण हो रहा है। इस मामले को लेकर हम विधानसभा में भी अपनी बात रखेंगे। सबसे बड़ा अपमान मेरी मां, भाई और परिवार के साथ हुआ है। उसमें कार्रवाई होना चाहिए। लेकिन, भाजपा की सरकार जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही। मामले से जुड़ी मूल खबर पढ़िए… एसडीएम पर विधायक के घर में घुसकर मारपीट का आरोप 8 फरवरी को मंडला जिले के खमतरा गांव में घुघरी एसडीएम आकिब खान मिट्‌टी खनन कर रहे जेसीबी चालक का पीछ़ा करते हुए विधायक नारायण सिंह पट्‌टा के घर पहुंच गए थे। एसडीएम खान का कांग्रेस विधायक के भाई से विवाद भी हुआ था। विधायक ने आरोप लगाया कि, उनकी वृद्ध मां के साथ एसडीएम ने बदसलूकी की। इस घटनाक्रम के बाद विधायक नारायण सिंह पट्टा के भाई राज सिंह पट्टा पर सरकारी काम में बाधा डालने और जेसीबी ड्राइवर अजित धुर्वे पर अवैध खनन के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। पढ़ें पूरी खबर।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *