ब्यावर उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह ने सेदरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और शहरी सिटी डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ओपीडी संचालन, मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं तथा समग्र स्वास्थ्य प्रबंधन की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान, उपखंड अधिकारी ने चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों की संख्या, इलाज प्रक्रियाओं और सेवाओं की गुणवत्ता पर चर्चा की। उन्होंने सभी को निर्देश दिए कि आमजन को समय पर, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। सिंह ने स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता और चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए।


