बाड़मेर शहर से लेकर बॉर्डर तक एसआईआर का काम तेजी से चल रहा है। सेड़वा एसडीएम लगातार फील्ड में उतरकर सौ फीसदी एसआईआर करने में लगे हुए है। गुरुवार को एसडीएम ने भारत-पाक बॉर्डर से सटे गांवों के 16 बूथों के बूथ लेवल अधिकारियों, सुपरवाइजरों और स्वंयसेवकों के गणना प्रपत्रों के भरने और संग्रहण के कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया। एसडीएम ब्रदीनारायण विश्नोई ने बताया कि एसआईआर 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद 9 दिसंबर को सूचियों का प्रारूप प्रकाशन होगा। 8 जनवरी तक आपत्तियां ली जाएगी। एसडीएम ने कहा- इंडो-पाक बॉर्डर के गांव लालपुर, भलगांव, बावरवाला, बाखासर, भाड़ा, एकल, दीपला, जानपालिया समेत दो दर्जन गांवों में 16 बूथों के अधिकारियों और कर्मचारियों के गणना प्रपत्रों का भौतिक सत्यापन किया गया। एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं का स्वयं या उसके माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी में से किसी भी मतदाता का 2002 की मतदाता सूची में नाम नहीं है, उन्हें एईआरओ स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा। सुनवाई के दौरान उन्हें निर्वाचन विभाग की ओर से निर्धारित 13 वैध प्रमाण पत्रों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। अन्यथा ईआरओ वोटर लिस्ट से उनका नाम काट देगा । 8 जनवरी तक ली जाएगी आपत्तियां निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं के घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों को भरने का कार्य कर रहे हैं। यह कार्य 4 नवंबर को शुरू हुआ था और 4 दिसंबर तक चलेगा । उसके बाद 9 दिसंबर को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन होगा। जिस पर 9 दिसम्बर से 8 जनवरी 2026 की अवधि के दौरान मतदाताओं से दावे और आपत्तियां ली जाएगी। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी और एसडीएम सेड़वा बद्रीनारायण विश्नोई ने बताया कि मतदाताओं की आपत्तियों पर 9 दिसम्बर से 31 जनवरी 2026 के दौरान संबंधित मतदाता को नोटिस जारी कर सुनवाई की जाएगी और शिकायतों का सत्यापन करवा कर कार्रवाई की जाएगी । इसके बाद 7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा । वोटरों से की अपील एसडीएम विश्नोई ने बताया – कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को बीएलओ को दो रंगीन फोटो, अपने मोबाइल नम्बर ,आधार कार्ड नम्बर और 2002 की वोटर लिस्ट में अंकित क्रम संख्या, एपिक कार्ड नम्बर आदि की सही जानकारी देनी होगी। जिसे परिगणना प्रपत्र में भरा जाएगा। इस चरण में बीएलओ मतदाताओं के घर पर तीन बार जाएगा और हर बार मतदाता को सूचित करेगा। तीसरी बार भी अगर मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो उसके घर पर नोटिस चिपका कर , बीएलओ रजिस्ट्रर में इस बात का अंकन कर लौट आयेगा। विश्नोई ने उपखण्ड क्षेत्र सेड़वा के नागरिकों और मतदाताओं से एक ऑडियो-वीडियो मैसेज जारी कर बीएलओ के कार्यों में पूर्ण सहयोग करने की अपील की। इस दौरान उनके साथ बीएलओ लालपुर दयाराम, सहायक नेणाराम सेजु, दयाराम परमार, चुनाव प्रकोष्ठ कार्मिक दिनेश विश्नोई, ग्रामीण संग्रामराम,मिश्रीलाल कोली और अन्य लोग भी मौजूद रहे।


