कोटपूतली-बहरोड़ में फायरिंग और गाड़ी से कुचलने का मामला सामने आया है। थार और स्विफ्ट सवार बदमाशों ने तीन बाइक सवारों को कुचलने की कोशिश की। जिसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने थार पर फायरिंग कर दी। पूरी घटना पास की दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। मामला बानसूर कस्बे के हरसौरा रोड पर बुधवार शाम करीब 6 बजे का है। मामले का वीडियो शुक्रवार को सामने आया है। दोनों पक्षों के परिजनों ने एक-दूसरे पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। पहले देखें घटना से जुड़े PHOTOS अब सिलसिलेवार पढ़ें घटनाक्रम बुधवार, 26 नवंबर को तीन युवक घनश्याम गुर्जर, कालू माची और एमपी गुर्जर हरसौरा रोड पर 132 जीएसएस के सामने ढाबे पर खाना खाने गए थे। वापस बाहर निकलते समय गेट पर बानसूर की तरफ से एक थार और स्विफ्ट गाड़ी आई। थार ने चलती बाइक के आगे से टक्कर मारी। तीनों युवक और बाइक जमीन पर गिर गए। बाइक सवार बदमाशों में से एक एमपी गुर्जर ने पिस्टल निकालकर थार पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। एक बार तो गाड़ियां घूम गई। उसके बाद फिर से यू टर्न लेकर आई स्विफ्ट गाड़ी ने एमपी गुर्जर को टक्कर मारी। एमपी गुर्जर पास की दीवार पर चढ़कर लगातार कार सवार बदमाशों पर फायरिंग करता रहा। इतने में थार और स्विफ्ट में सवार लोग नीचे उतरे और बाइक पर फरसे और पत्थरों से मारने लग गए। वहीं, बाइक सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए। डीएसपी मेघा गोयल ने बताया- फायरिंग की घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी करवाकर बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया था। घटनास्थल से दो खोल बरामद हुए थे। बानसूर, हरसौरा और बासदयाल पुलिस थाने की टीम बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने भी घटना की निगरानी करते हुए डीएसपी बानसूर और थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए हैं।


