एसपी ऑफिस में सब्जी दुकान लगाकर बैठा युवक:बोला- मारपीट कर हाथठेला छीना; थाने में शिकायत के बाद भी नहीं की कार्रवाई

सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार को उस वक्त अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब एक युवक सब्जी लेकर पहुंचा और परिसर में तिरपाल बिछाकर विरोध में सब्जी की दुकान लगा ली। युवक का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसका सब्जी का हाथठेला जबरन छीन लिया और थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। एसपी कार्यालय पहुंचे कौशल राठौर, निवासी गुलाब कॉलोनी ने बताया कि उसने 2 जुलाई को अशोक यादव से 6 हजार रुपए में सब्जी का हाथठेला खरीदा था। दोनों के बीच मौखिक सौदा हुआ था, जिसके बाद उसने रुपए देकर हाथठेला ले लिया और सब्जी बेचने का काम शुरू कर दिया। मारपीट कर ठेला ले जाने का आरोप
कौशल के अनुसार, 16 दिसंबर को अशोक यादव अपने कुछ साथियों के साथ आया। आरोप है कि उन्होंने हाथठेले से सब्जी नीचे फेंक दी, गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट भी की। इसके बाद हाथठेला उठाकर अपने साथ ले गए। थाने में शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
पीड़ित ने मामले की शिकायत गोपालगंज थाने में दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। युवक का कहना है कि पुलिस हाथठेला देखकर भी आई, लेकिन उसे वापस नहीं दिलाया गया। इसी से नाराज होकर कौशल राठौर सब्जी लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा और परिसर में ही दुकान लगाकर बैठ गया। उसने कहा कि जब तक उसकी सुनवाई नहीं होगी, वह यहीं बैठा रहेगा। युवक के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर हाथठेला वापस दिलाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *