एसपी कार्यालय में सुशासन को लेकर शपथ ग्रहण:आगर मालवा पुलिस ने निष्पक्ष और जवाबदेह पुलिसिंग का लिया संकल्प

आगर मालवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 25 दिसंबर 2025 को सुशासन दिवस के अवसर पर एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की नीतियों को जनहितैषी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना था। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा प्रतिपादित सुशासन के आदर्शों को आत्मसात करने और उन्हें व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया गया। शपथ के माध्यम से पुलिस बल ने निष्पक्षता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सुशासन दिवस प्रशासन को आत्ममंथन का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, समस्याओं का त्वरित समाधान और जनता के बीच विश्वास का माहौल बनाना भी पुलिस का महत्वपूर्ण दायित्व है। आगर-मालवा पुलिस की प्राथमिकता प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, त्वरित और प्रभावी बनाकर आमजन को राहत पहुंचाना है। सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय दृष्टिकोण के साथ करें, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो सके। कार्यक्रम में थाना प्रभारी शशि उपाध्याय, सूबेदार जगदीश यादव, सूबेदार जितेंद्र शुक्ला सहित 80 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सुशासन के सिद्धांतों को अपनी दैनिक कार्यशैली और व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में, पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए सुशासन की भावना के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *