दतिया के दुरसडा थाना क्षेत्र में दतिया-भांडेर रोड पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक खेत पर गेहूं की फसल की रखवाली कर रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हुआ। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। ग्राम बसवाहा निवासी शिवम पटेल (24 ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिवम ने बताया कि मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे वह अपने साथी रामकिशोर पटेल के साथ दतिया-भांडेर रोड के पास नए ताल वाले खेत पर आग जलाकर बैठे थे। दोनों खेत में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली कर रहे थे। तेज रफ्तार प्लेटिना ने पल्सर को मारी टक्कर इसी दौरान दतिया की ओर से आ रही एक पल्सर बाइक को बसवाहा की ओर जा रही प्लेटिना बाइक क्रमांक एमपी 07 एनकियू 8850 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि पल्सर बाइक सड़क पर गिर गई। घायल अवस्था में पड़ा मिला युवक हादसे के बाद शिवम और रामकिशोर मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिवम का भाई कृष्णकुमार पटेल जमीन पर घायल अवस्था में बेहोश पड़ा था। प्लेटिना बाइक का चालक मौके पर ही रुक गया, जिससे बाइक का नंबर नोट किया जा सका। 108 एम्बुलेंस से अस्पताल ले गए घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई। मौके पर 112 और 108 एंबुलेंस पहुंची। घायल कृष्णकुमार को 108 एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल भांडेर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मर्ग कायम, हादसे की जांच जारी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है।


