डिंडौरी के कलेक्ट्रेट मैदान में सोमवार को ‘एसपी क्रिकेट कप’ का रोमांचक फाइनल मुकाबला खेला गया। 15-15 ओवर के इस मैच में एसएएफ (SAF) सुपर स्ट्राइकर ने एसपी सुपर किंग को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। एसपी वाहिनी सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसपी सुपर किंग की टीम ने धुआंधार शुरुआत की। टीम के बल्लेबाज राहुल ने महज 31 गेंदों में 72 रन ठोक दिए, जिसमें 9 छक्के शामिल थे। वहीं, देवेंद्र सिंह ने सिर्फ 16 गेंदों में 63 रनों की तूफानी पारी खेली। इन पारियों की बदौलत टीम ने 15 ओवर में 233 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। छोटे ठाकुर के शतक से पलटा मैच विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएएफ सुपर स्ट्राइकर की ओर से छोटे ठाकुर ने मैदान के चारों तरफ छक्कों की बारिश कर दी। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 15 छक्कों की मदद से 107 रनों की शतकीय पारी खेली। भानु प्रताप के 49 और सोनू नागर के 39 रनों के योगदान की मदद से टीम ने यह लक्ष्य 13.3 ओवर में ही 236 रन बनाकर हासिल कर लिया। विशाल ने विजयी चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई। खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार मैच के बाद हुए पुरस्कार वितरण समारोह में एसएएफ के रोशन सिंह को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। एसपी इलेवन के देवेंद्र को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ और शैलेंद्र को ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ का अवॉर्ड दिया गया। अपनी मैच जिताऊ पारी के बारे में बल्लेबाज छोटे ठाकुर ने कहा कि वे गेंद के पाले में आने का इंतजार करते हैं और अंत तक टिक कर टीम को जीत दिलाने का भरोसा रखते हैं। खेल भावना और फिटनेस पर जोर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए एसपी वाहिनी सिंह ने कहा कि ड्यूटी के बाद खेल से जुड़ना खुद को फिट रखने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने दोनों टीमों की खेल भावना और अनुशासन की तारीफ की। इस फाइनल मुकाबले के दौरान एडिशनल एसपी डॉ. अमित वर्मा और एसडीओपी सतीश द्विवेदी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


