भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधि के तहत झालरापाटन के गांवड़ी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए सुविधाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर स्कूल को 2 लाख रुपए मूल्य के टेबल-बेंच, वाटर कूलर और पंखे जैसी सामग्री सौंपी गई। बैंक ने इसके अतिरिक्त स्कूल में छात्र एवं छात्राओं के लिए 4 लाख रुपए की लागत से शौचालय का जीर्णोद्धार भी करवाया। यह पहल बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने कहा कि शिक्षा तभी पूरी होती है जब वातावरण सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक हो। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता बताया, ताकि हर बच्ची निडर होकर स्कूल आ सके और सभी छात्र-छात्राओं को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रकाशचंद सोनी और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल, मंगलपुरा, झालावाड़ की प्रधानाचार्य वीणा रानी ने भारतीय स्टेट बैंक के इस कार्य की सराहना की और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारी सुबोध कुमार, प्रांजल कसेरा और रवि मोहन मीना उपस्थित रहे। स्कूल की संस्था प्रधान चंद्रप्रकाश शर्मा, बबीता शर्मा, नसरीन बी, विजय लक्ष्मी हाड़ा और शारीरिक शिक्षक नफीस खान भी मौजूद थे। बच्चों ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।


