भीलवाड़ा | प्राइवेट अस्पताल संचालक से 11 लाख रुपए रिश्वत लेते ट्रैप किए डॉ. पंकज छीपा को एसीबी ने मंगलवार को विशिष्ट न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी डॉक्टर ने मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना में अपलोड बिलों में गड़बड़ियां दिखाकर सिद्धि विनायक अस्पताल से 14 लाख की घूस मांगी थी। एसीबी के एसपी महावीरसिंह राणावत ने बताया कि भीलवाड़ा एसीबी के इंस्पेक्टर नरपतसिंह चारण की टीम ने सोमवार को केशव पोरवाल हॉस्पिटल में कार्यरत मेडिकल ऑफिसर डॉ. पंकज छीपा को भीलवाड़ा के तिलकनगर स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल के मैनेजर राजेश से 11 लाख रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। डॉ. छीपा ने बिलों में अनियमितताएं बताते हुए बिल पास नहीं करने और अस्पताल को योजना से डी-पैनल करने की धमकी दी। एआई से तैयार किए फर्जी पत्र में 75 लाख रुपए की रिकवरी का डर दिखाकर अस्पताल प्रबंधन पर दबाव बनाया था।


