एस्टेट विभाग की टीम ने राम तलाई चौक से घी मंडी तक श्री दरबार साहिब जाने वाले रास्ते में निजी बसों को हटवाकर 3 को जब्त किया। ज्वाइंट कमिश्नर जय इंदर ने बताया कि एलिवेटेड रोड के नीचे निजी बसें और ट्रक अवैध रूप से पार्क किए गए थे । ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। ट्रैफिक पुलिस की सहायता से अवैध पार्किंग को हटाया गया और 3 निजी बसें जब्त की गईं। हेरिटेज स्ट्रीट के दुकानदारों को 3 दिन का नोटिस दिया गया था, लेकिन कई दुकानदार अभी भी अवैध रूप से अतिक्रमण किए हुए हैं । हेरिटेज स्ट्रीट और छेहर्टा में अवैध कब्जाधारकों की दुकानें हटवाकर सामान जब्त किया गया। ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि कुछ दिन पहले एडीसी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिताएं, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए गए थे कि निगम द्वारा निर्धारित स्थानों या रेहड़ी बाजारों को छोड़कर सड़कों और फुटपाथों पर कोई भी अवैध अतिक्रमण न किया जाए। दुकानदार अपनी दुकान से आगे सामान न रखें और वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण और सड़कों पर रखा सामान हटा लें, अन्यथा यह सामान जब्त कर लिया जाएगा और वापस नहीं किया जाएगा।


