डीसी साक्षी साहनी ने बताया कि रोड अडॉप्शन योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। श्री दरबार साहिब को जाने वाला मुख्य मार्ग का निरीक्षण कर सफाई के निर्देश दिए गए थे। जिसके बाद सुधार देखने को मिलने लगा है। संगतों की सुविधा के लिए लगाए गए वॉटर एटीएम बंद थे, जो चालू करवाए जा रहे। अब तक सात वॉटर एटीएम चालू हो चुके हैं। जबकि 3 के काम प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि शहर में अलग-अलग इलाकों के 41 मुख्य सड़कों को अफसरों ने अडॉप्ट किया है। गूगल फॉर्म लिंक के जरिए लोगों से शिकायतें मिलने के बाद सड़कों और संबंधित इलाकों में जो भी समस्याएं हैं, का निपटारा करवाया जा रहा है। जिस तरह से लोगों का फीडबैक मिले, लोगों का रुझान देखने को मिल रहा है। शिकायत पर संबंधित अफसरों की देखरेख में गुणवत्तापूर्ण काम हो रहे हैं। डीसी ने अफसरों को निर्देश दिया कि बारिश के चलते प्राथमिकता के आधार पर सड़कों पर जमा पानी को निकालने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। स्ट्रीट लाइटें चालू की जाएं और सीवरेज होल का विशेष ध्यान रखें। शहरों और कस्बों की सड़कों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जे और बारिश के कारण गिरे पेड़ों को तुरंत हटाएं। आवाजाही में बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई भी करवाएं। उन्होंने बताया कि रोजाना विभिन्न सड़कों पर निगम, मंडी बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, ट्रस्ट और अन्य विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की वीडियो और तस्वीरें प्राप्त हो रही हैं। इस मौके पर एडीसी जनरल रोहित गुप्ता, एडीसी अमनदीप कौर, एडिश्नल कमिश्नर निगम सुरिंदर सिंह, एसडीएम मनकंवल सिंह चाहल, एसडीएम गुरसिमरन सिंह ढिल्लों व अन्य मौजूद रहे।


