बनास नदी में जलस्तर बढ़ने से ऐचेर-बगीना रपट पर पानी आने के कारण शिवाड़–चौथ का बरवाड़ा–सवाई माधोपुर मार्ग पर यातायात बार-बार बाधित हो रहा है। बीसलपुर बांध से दो गेट खोलकर प्रति सेकंड करीब 18 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यहां यातायात बाधित हो गया। नदी में पानी की तेज आवक से रपट मार्ग डूब जाने पर प्रशासन को यातायात रोकना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को जयपुर या जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर जाने के लिए वाया टोंक होकर करीब 70 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ रहा है। जिससे लोगों को समय के साथ धन भी बर्बाद हो रहा है। बीसलपुर बांध से पानी आने से बढ़ा जलस्तर स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर साल मानसून या बीसलपुर गेट खुलने पर यही स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां अगर रपट की जगह पुलिया का निर्माण हो जाए, तो लोगों को राहत मिल सकेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पानी उतरने तक रपट मार्ग से आवाजाही न करें और वैकल्पिक मार्ग का ही प्रयोग करें।


