ऑटो खड़ा करने के विवाद में चाकूबाजी:2 युवकों पर चाकू से किया हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

ऐशबाग थाना क्षेत्र की अहमद कॉलोनी में मंगलवार देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ऑटो खड़ा करने को लेकर पड़ोसियों से हुई कहासुनी के बाद चार युवकों ने दो दोस्तों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में फाइज (18) और फरजान (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फाइज की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक, फाइज के चेहरे और पीठ पर चाकू से वार किया गया, जबकि उसके बड़े भाई फरजान के हाथ पर गंभीर चोट आई है। दोनों अहमद कॉलोनी में रहते हैं। फाइज छात्र है और फरजान मैकेनिक का काम करता है। कहासुनी के बाद निकाला चाकू जानकारी के अनुसार, ऑटो खड़ा करने को लेकर अनस पिंडारी, साकिब, साजिद और सोहराब से दोनों भाइयों की कहासुनी हो गई थी। विवाद कुछ ही देर में बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू निकालकर फाइज और फरजान पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर ऐशबाग थाना पुलिस देर रात हमीदिया अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया। चारों आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने बुधवार दोपहर कार्रवाई करते हुए अनस (20), साकिब (28), साजिद (55) और सोहराब (30) को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी अहमद कॉलोनी के रहने वाले हैं। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज हमीदिया अस्पताल में जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *