ऑटो-बोलेरो की टक्कर में युवक की मौत:चतरा के इटखोरी में हुआ हादसा, बोलेरो ड्राइवर फरार, एक महिला भी घायल

चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में भद्रकाली कॉलेज गेट के पास ऑटो और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में ऑटो चालक मारूफ खान और ऑटो में सवार एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मारूफ खान चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के धनखेरी गांव के रहने वाले थे। वहीं घायल महिला यात्री की पहचान नेवीकर्मा गांव निवासी के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुटे और दोनों घायलों को इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ऑटो चालक ने दम तोड़ा चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन हजारीबाग ले जाते समय रास्ते में ही मारूफ खान ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें सिर और छाती में गंभीर चोटें आई थीं। मारूफ की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, मारूफ ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वे मेहनती और मिलनसार युवक के रूप में जाने जाते थे। बोलेरो चालक वाहन छोड़ हुआ फरार इधर, बोलेरो चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। इटखोरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *