गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोर आर्यन कुमार का शव एक कुएं से बरामद किया गया है। आर्यन रविवार शाम से लापता था और सोमवार को उसका शव ठाकुरबाड़ी टोला स्थित लक्ष्मी अपार्टमेंट के पीछे एक पुराने कुएं में तैरता मिला। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। रविवार शाम चार बजे से लापता था मृतक आर्यन कुमार सरिया निवासी संजय रविदास का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, वह रविवार शाम चार बजे से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन चिंतित हो उठे। आर्यन के चाचा विजय रविदास ने बताया कि रातभर उसकी तलाश की गई। इसी दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में आर्यन को छत पर भीगते हुए देखा गया, जिससे यह आशंका लगाया जा रहा है कि वह बारिश में नहा रहा था। लक्ष्मी अपार्टमेंट के पीछे कुएं में मिला शव स्थानीय युवक सोनू के अनुसार, आर्यन ने उसे बताया था कि वह पहले कुएं में नहाएगा और फिर मेले में जाएगा। लेकिन इसके बाद वह लौटकर घर नहीं आया। सोमवार की सुबह लक्ष्मी अपार्टमेंट के पीछे स्थित कुएं में किसी ने शव को तैरते हुए देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


