गुमला में कुएं से मिला युवक का शव:रविवार की शाम घर से निकला था, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

गुमला जिले से एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला सामने आया है। गुमला सदर प्रखंड के कोटाम घांसी टोली में एक कुएं से 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान कोटाम टोली निवासी जगदीश नायक के पुत्र अमर कुमार नायक के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही टोटो थाना प्रभारी उदेश्वर पाल पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से निकलवाया। इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों ने जताई हत्या की आशंका वहीं मृतक अमर कुमार के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार, अमर रविवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। उसके साथ गांव का ही एक युवक तामिल था। परिजनों का कहना है कि दोनों ने उस शाम शराब पी थी। घटना के बाद जब अमर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सुबह घर के पास के मैदान में अमर और तामिल की चप्पलें मिलीं। वहां जमीन पर खरोंच और संघर्ष के कुछ निशान भी देखे गए, जिससे परिजनों को शक हुआ कि अमर के साथ मारपीट की गई है। शरीर पर मिले चोट के निशान परिजनों ने पुलिस को बताया कि शव पर चोट के निशान थे, जिससे यह लग रहा है कि अमर के साथ हाथापाई हुई थी। उनका आरोप है कि किसी विवाद के बाद अमर की पिटाई कर उसे कम गहराई वाले कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तामिल नामक युवक की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। गांव वालों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *