दतिया में ऑटो से रेलवे स्टेशन जा रहे एक यात्री की जेब से 28 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलपुरा निवासी विनोद बघेल (45) ने पुलिस को बताया कि वह 30 दिसंबर को अपने बेटे ब्रजेंद्र के साथ नागपुर जाने के लिए दतिया आया था। शाम करीब 4:30 बजे वह सीतासागर के सामने से एक ऑटो में बैठकर रेलवे स्टेशन के लिए निकला। जेब चेक की तो गायब थे पैसे विनोद के अनुसार, ऑटो चालक रास्ते में बार-बार अचानक ब्रेक लगाकर झटके देता रहा। जब ऑटो दिनारा रोड रेलवे पुल के पास पहुंचा, तो चालक ने वहीं उतार दिया और बिना किराया लिए तेज़ी से ऑटो लेकर भाग गया। ऑटो से उतरने के बाद जब विनोद ने अपनी जेब देखी, तो उसमें रखे 28 हजार रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन पैसे नहीं मिले। सीसीटीवी से मिला ऑटो नंबर पीड़ित ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करवाई, जिसमें ऑटो का नंबर UP 93 ET 0841 सामने आया। इसके बाद वह घर लौट गया और गुरुवार शाम को कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि ऑटो नंबर के आधार पर चालक और संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


