कटनी में सोमवार सुबह स्कूल जाते समय ऑटो से गिरकर 8 साल की बच्ची शिवांजलि यादव की मौत हो गई। वह कुठला की गल्ला मंडी रहने वाले मिथलेश यादव की बेटी थी। बताया जा रहा है कि शिवांजलि हमेशा की तरह कृष्णा वैली स्कूल जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। ऑटो में अन्य छात्राएं भी सवार थीं। जैसे ही ऑटो रेलवे फाटक-ब्रिज के पास पहुंचा, तेज रफ्तार होने के कारण वह अनियंत्रित हो गया और शिवांजलि नीचे गिर गई। उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। सुरक्षा के इंतजाम नहीं, लापरवाही से चल रहा था ऑटो मृतक बच्ची के नाना भगवत प्रसाद यादव ने ऑटो चालक पर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जिस ऑटो में बच्ची जा रही थी, उसमें दोनों तरफ सुरक्षा के लिए जालियां नहीं लगी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर बहुत लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। परिजन का प्रशासन और आरटीओ पर फूटा गुस्सा परिजन का आरोप है कि शहर में लंबे समय से बिना फिटनेस, परमिट और लाइसेंस के ऑटो धड़ल्ले से चल रहे हैं, लेकिन आरटीओ विभाग उन पर कोई कार्रवाई नहीं करता। उनका कहना है कि अगर प्रशासन समय-समय पर इन वाहनों की जांच करे, तो ऐसी मासूमों की जान नहीं जाएगी। परिजन ने सवाल उठाया कि शाम को शराब की जांच तो होती है, लेकिन स्कूली बच्चों को ले जाने वाले ऑटो की फिटनेस कोई नहीं देखता। दुखी परिवार ने अब प्रशासन से न्याय और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


