छिंदवाड़ा की परासिया नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय के कथित वायरल ऑडियो मामले में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को नपा अध्यक्ष मालवीय खुद पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने वायरल ऑडियो को पूरी तरह फर्जी बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विनोद मालवीय ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों की साजिश है। उन्हें अध्यक्ष पद पर रहते हुए बदनाम करने और नीचा दिखाने के उद्देश्य से यह ‘फर्जी ऑडियो’ सोशल मीडिया पर फैलाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इससे पहले भी उनके खिलाफ लोकायुक्त और न्यायालयों में झूठी शिकायतें की गई थीं, लेकिन जांच में वे पाक-साफ निकले। क्या है वायरल ऑडियो मामला? शनिवार और रविवार को परासिया के व्हाट्सएप ग्रुप्स में एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ था। इसमें अमृत-1 योजना के तहत होने वाले कार्यों में ठेकेदार से 5 फीसदी कमीशन मांगने की बात कही जा रही थी। ऑडियो में एक आवाज यह कहती सुनाई दे रही है कि, “इस बार 4 प्रतिशत में काम नहीं चलेगा।” चर्चा थी कि यह बातचीत नपा अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व महामंत्री परमजीत सिंह बिज के बीच की है। दोनों पक्षों ने किया इनकार जहां एक तरफ नपा अध्यक्ष ने इसे साजिश बताया है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा के पूर्व महामंत्री परमजीत सिंह बिज ने भी ऑडियो में अपनी आवाज होने से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उनका इस प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस जांच पर टिकी नजरें ऑडियो वायरल होने के बाद से परासिया में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। हालांकि, अभी तक थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन अब एसपी को शिकायत सौंपे जाने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


