ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने पर 24 घंटे में लगाया गया नया ट्रांसफॉर्मर

भास्कर न्यूज| महासमुंद इन दिनों ग्रामीण अंचलों में बारिश नहीं होने के चलते किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए काफी जद्दोजेहद करनी पड़ रही है। अल्प वर्षा के जलते खेतों में पानी नहीं भर पा रहा है। फसल बचाने के लिए ट्यूबवेल ही एकमात्र सहारा है। लेकिन बिजली कटौती के कारण दिक्कतें ज्यादा बढ़ गई है। ट्रांसफार्मर, मोटर खराब होने से किसान परेशान हैं। लोड बढ़ने से ग्राम गस्तिडीपा स्थित ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसको लेकर ग्रामीणों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के 24 घंटे के भीतर दूसरा ट्रांसफॉर्मर लग गया जिससे किसानों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार ग्राम गस्तीडीपा स्थित ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया जिससे रोहिना के कृषक रूपानंद साहू, फकीर सेठ व गस्तिडीपा निवासी शंभूनाथ यादव का मोटर पंप बंद हो गया। ऐसे में सिंचाई के अभाव में धान की फसल की सिंचाई नहीं हो पाई। किसान रूपानंद साहू ने मोर बिजली एप के माध्यम से ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत 18 अगस्त को शाम 6 बजे दर्ज कराई। उसके 24 घंटे के भीतर ट्रांसफॉर्मर पहुंचने की सूचना कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार ने उपभोक्ता को दी गई और अगले दिन ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया इससे अब किसानों के पंप चालू हो गए हैं। इससे करीब 15 से 20 एकड़ धान की फसल को बचा लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *