भास्कर न्यूज | चिरमिरी ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई कर पुलिस ने छोटा बाजार क्षेत्र में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि नेटवर्क का मुख्य आरोपी भाग गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी विजय सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि छोटा बाजार का 56 वर्षीय सदानंद उर्फ सद्दा बिसाई पिता स्व. नरसिंह बिसाई अपने घर के सामने वाट्सएप के माध्यम से सट्टा-पट्टी ले रहा है। टीम ने दबिश दी और आरोपी को रंगे-हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान उससे सट्टा-पट्टी, नकद 2210 रुपए और फोन जब्त किया। जांच में सामने आया कि आरोपी संगठित रूप से सट्टा संचालन कर रहा था और छोटा बाजार का शिवराम सोनवानी को सट्टा-पट्टी उपलब्ध करा रहा था, जो पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही भाग गया। पुलिस ने आरोपी के फोन की जांच शुरू कर दी है। इसमें अन्य संदिग्ध नाम और लेन-देन की जानकारी खंगाली जा रही है। पकड़े गए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।


